संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। सोमवार देर रात शहर के मुख्य चौराहों और राजमार्गों पर विशेष नाकाबंदी कर नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी सुभाष चंद्र के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली गई और बेवजह घूमने वाले लोगों से पूछताछ की गई।
थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना और आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसना है। पुलिस टीम ने संदिग्धों पर नजर रखने के साथ-साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी सख्ती दिखाई। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और अधूरे दस्तावेजों के साथ वाहन चलाने वालों को चेतावनी दी गई।
साथ ही ड्रंक एंड ड्राइव की जांच के लिए पुलिस की टीमें हाईवे और मुख्य मार्गों पर मुस्तैद रहीं। इस दौरान देर रात घूमने वाले युवकों को हिदायत देकर घर भेजा गया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान पहचान पत्र और वाहन के वैध दस्तावेज साथ रखें।