संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने वीरवार को जिलेभर के आठ हजार 956 घरों व दुकानों में डेंगू के मच्छर के लार्वा की जांच की। इस दौरान अलग-अलग टीमों को 15 जगहों पर मच्छरों का लार्वा मिला। सभी संबंधित मालिकों को नोटिस दिया व सफाई के लिए जागरूक किया गया।
63 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लेकर डेंगू जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट शुक्रवार को आएगी। अब तक 2530 संदिग्ध मरीजों के डेंगू के सैंपल लिए गए हैं। साथ ही अब तक 2143 जगहों पर डेंगू के मच्छर का लार्वा मिल चुका है। सभी को नोटिस दिए गए हैं।
अब तक जिले में आठ केस डेंगू के मिले है जोकि राहत की खबर है, क्योंकि पिछले साल डेंगू के 118 केस पूरे जिले में मिले थे।
स्वास्थ्य विभाग ने प्रत्येक रविवार को ड्राई-डे के तौर पर मनाने की एडवाइजरी जारी की है। फिलहाल जिलेभर हेल्थ डिपार्टमेंट की 238 रेपिड रिस्पांस टीमें फील्ड में काम कर रही है। अब तक जिले भर के ग्रामीण व अर्बन एरिया में लोगों की हुई जांच में सामने आया है कि एक लाख 18 हजार 670 लोगों को बुखार मिला, जिनके ब्लड के सैंपल लेकर स्लाइड तैयार की गई हैं।
सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला ने कहा कि घर के आसपास या घर के अंदर भी पानी न जमा होने दें। कूलर में अगर पानी है, तो उसमें केरोसिन तेल डालकर रखें। इससे मच्छर पनपने की संभावना कम हो जाती है। पानी की टंकियों को खुला न छोड़ें, अच्छी तरह ढक कर रखें। इन दिनों पूरी बाजू और पैरों को ज्यादा से ज्यादा ढकने वाले कपड़े पहनें। अपने आसपास सफाई का विशेष ध्यान रखें।