संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आगामी 16 अगस्त को अतिरिक्त अनाज मंडी में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी डीसी प्रशांत पंवार ने दी है। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। इस अभियान के तहत जिला में लगभग ढाई लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य रखा गया है।
जिला प्रशासन की ओर से इस कार्यक्रम की पूरी तैयारी की जा रही है। डीसी प्रशांत पंवार लघु सचिवालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंस हॉल में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे पहले चंडीगढ़ से आयोजित वीडियो कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी उमा शंकर, वन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद मोहन शरण, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव अमित अग्रवाल ने इस कार्यक्रम के संदर्भ में समीक्षा करके प्रदेश के सभी उपायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि संबंधित विभाग समय रहते तैयारियां पूरी रखें।
पौधरोपण के कार्यों में ग्राम पंचायतों, स्वयं सेवकों, वन मित्रों, शहरी स्थानीय निकाय, रेडक्रॉस वोलिंटियर्स, सामाजिक संस्थाएं, शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा, ताकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचे। इस कार्य को लेकर पेड़ लगाने के लिए गड्ढे खोदने का कार्य किया जा रहा है। वन विभाग 15 अगस्त तक सभी संबंधित स्थानों पर पौधे पहुंचाना सुनिश्चित करें। इतना ही नहीं शिक्षण संस्थानों में विशेष रूप से फलों के पौधे लगाए जाएं।
इस कार्यक्रम के लिए आमजन को जागरूक करें और पौधा रोपण अभियान में अपनी भागीदारी देने के लिए प्रेरित करें। इस मौके पर डीएफओ रविंद्र धनखड़, डीडीपीओ कंवर दमन, बिजली विभाग के अधीक्षक अभियंता सोमबीर, डीएसओ राजरानी आदि मौजूद रहे।