(कैथल) राजौंद। राजौंद में यूरिया खाद की कमी को लेकर किसानों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि राजौंद पैक्स में जरूरत के अनुसार खाद नहीं मिल रही है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान रोशन, रामकरण, प्रेम, रामकिशन, कृष्ण, सुरेंद्र, सूबे सिंह व रामशरण ने बताया कि वह राजौंद पैक्स पर निर्भर हैं और हर फसल पर पैक्स से ही लेनदेन करते हैं और पिछले कई दिनों से लगातार यहां यूरिया खाद नहीं आया। जिससे किसानों को यूरिया खाद के लिए अब किल्लत झेलनी पड़ रही है।
किसानों को खाद न मिलने से बहुत परेशानी उठानी पड़ रही है। पैक्स प्रबंधक महेंद्र सिंह ने बताया कि राजौंद के अलावा तीन सेंटरों पर लगभग चार हजार कट्टे खाद के आए हैं, जबकि डिमांड 26 हजार की भेजी हुई है। सेंटरों में राजौंद, नरवल, बीरबांगड़ा व रोहेड़ा गांव शामिल है, जैसे ही खाद आएगी किसानों को वितरित की जाएगी।