संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के प्रमुख स्थान छोटू राम चौक और अंबाला रोड पर पार्किंग की सुविधा न होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कोचिंग सेंटर और पुस्तकालय जाने वाले विद्यार्थी तथा बाजार में आने वाले ग्राहक बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा करने को मजबूर हैं, जिससे सड़क पर लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है।
दुकानदार संजय, वरूण और अनिल ने बताया कि सुबह और शाम के समय छोटू राम चौक पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। पार्किंग न मिलने पर ग्राहक सड़क किनारे दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और थोड़ी भीड़ बढ़ते ही लंबा जाम लग जाता है। जाम खोलने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ता है, लेकिन समस्या वहीं की वहीं बनी रहती है।
बाजार में भीड़ बढ़ने के साथ पार्किंग की कमी और अधिक दिखाई देने लगी है। स्थानीय लोग और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि छोटू राम चौक और अंबाला रोड क्षेत्र में जल्द से जल्द पार्किंग सुविधा विकसित की जाए, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुधरे और बाजार में खरीदारी करने आए लोगों को राहत मिल सके।
ग्राहक रोहित ने बताया कि जाम और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण काफी परेशानी होती है। कई बार उन्हें गाड़ी दूर खड़ी करनी पड़ती है, जिससे समय और ऊर्जा दोनों की बर्बादी होती है। पुलिस भी कई बार कार्रवाई करती है, लेकिन जब पार्किंग ही नहीं है तो उपाय क्या करें।
दीपक ने कहा कि पार्किंग की कमी से व्यापार पर भी असर पड़ रहा है, क्योंकि लोग भीड़-भाड़ और जाम वाली जगहों पर आने से बचते हैं। प्रशासन को निर्धारित स्थान पर पार्किंग सुविधा विकसित करनी चाहिए, ताकि सड़क पर बेतरतीब वाहन खड़े होने से निजात मिल सके