जिले में कोरोना संक्रमित केस हर दिन सामने आ रहे हैं। रविवार को भी दो व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए। उनमें से एक 37 वर्षीय व्यक्ति शहर की महादेव कॉलोनी का रहने वाला है और दूसरा 38 वर्षीय वर्षीय गांव मानस का रहने वाला है। संक्रमितों की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें आइसोलेट करने के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भेज दिया।
दोनों की हिस्ट्री दिल्ली से जुड़ी
रविवार को संक्रमित पाए गए दोनों केसों की हिस्ट्री ट्रेवल से संबंधित है। दोनों ने दिल्ली से आने के बाद सैंपल दिया था, जिसकी रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव पाई गई है। उन दोनों के संपर्क में परिवार के सदस्य व अन्य लोगों सहित करीब एक-एक दर्जन लोग आए हैं, जिन्हें स्वास्थ्य विभाग द्वारा होम क्वारंटीन किया गया है। इनके भी जांच के लिए सैंपल लिए गए हैं।
सिविल सर्जन डॉ. जयभगवान जाटान ने बताया कि जिले में अब तक कुल 218 संक्रमित केस पाए जा चुके हैं। उनमें से 161 की रिकवरी हो चुकी है। इस समय जिले में 57 एक्टिव केस हैं। उन्होंने जिलावासियों को महामारी से बचाव हेतु नियमों का पालन करने की सलाह दी है।