संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। खंड संसाधन संयोजक कार्यालय में आयोजित खंड स्तरीय रोल प्ले और लोक नृत्य प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
रोल प्ले प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय किठाना प्रथम, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखौली द्वितीय और राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजौंद तृतीय स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में कुल 15 टीमों ने हिस्सा लिया।
वहीं, लोक नृत्य प्रतियोगिता में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखौली प्रथम, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजौंद द्वितीय और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रोहेड़ा तृतीय स्थान पर रहा।
प्रतियोगिता में रोल प्ले थीम पौष्टिक भोजन, व्यक्तिगत सुरक्षा, इंटरनेट गैजेट और मीडिया साक्षरता, मादक द्रव्यों का सेवन व इसके निवारण रहे। वहीं फोक डांस थीम लड़कों और लड़कियों के लिए समान अवसर, बाल विकास में संयुक्त परिवार की भूमिका, पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति पर केंद्रित रहे।
कार्यक्रम के दौरान डाइट कैथल से जिला संसाधन इकाई के प्रभारी डॉ. राज कुमार ने प्रतिभागियों को नियम समझाए और डीआर की इंचार्ज ने विद्यार्थियों को इस तरह की प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। निर्णायक मंडल में बंसल लाल और प्रीति ने अहम भूमिका निभाई।
खंड स्तर पर प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त टीमों के अध्यापकों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया।