संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। खेड़ी गुलाम अली गांव से सीवन कस्बा तक जाने वाली सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
करीब आठ किलोमीटर लंबी यह सड़क पिछले कई वर्षों से खस्ताहाल बनी हुई है, जिसके चलते यातायात बाधित हो रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों और वाहन चालकों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं। बारिश के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाने से वे दिखाई नहीं देते, जिससे वाहन चालकों को अचानक हादसों का सामना करना पड़ता है।
वहीं, सूखे मौसम में सड़क पर उड़ती धूल लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रही है। विशेष रूप से रात के समय इस मार्ग पर सफर करना बेहद जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीण सुरेश, अमन और साहिल ने बताया कि इस सड़क का निर्माण करीब पांच साल पहले किया गया था, लेकिन काम अधूरा छोड़ दिया गया। इसके बाद से आज तक सड़क की न तो ढंग से मरम्मत कराई गई और न ही दोबारा निर्माण किया गया। संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है, जिसके कारण ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत का कार्य अब तक पूरा नहीं होने से इलाके के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं और हर समय किसी बड़ी दुर्घटना का डर बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क के निर्माण और मरम्मत कार्य को पूरा किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो यह मार्ग भविष्य में और भी अधिक खतरनाक साबित हो सकता है। प्रशासन से इस समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की गई है।