राजौंद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. कीर्ति शर्मा ने सभी एमपीएचडब्ल्यू और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक ली। इसमें उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं, गांव के आरएमपी डॉक्टरों और दवा विक्रेताओं पर कड़ी नजर रखें।
उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी लिंग जांच या गर्भपात से संबंधित कोई जानकारी मिले, तो तुरंत कार्यालय को सूचित करें ताकि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।
इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी रोजाना अपने क्षेत्रों में एनसीडी (गैर संचारी रोग) की स्क्रीनिंग पर विशेष ध्यान दें और अधिक से अधिक रोगियों की जांच कर उन्हें ऑनलाइन दर्ज करें।
डॉ. शर्मा ने निर्देश दिए कि उपस्वास्थ्य केंद्रों पर कार्यरत सभी कर्मचारी एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत ज्यादा से ज्यादा लोगों के रक्त की जांच करें और जिन्हें एनीमिया मिले उनका इलाज तुरंत शुरू किया जाए।
इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजौंद के अधीन सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, एमपीएचडब्ल्यू (मेल), डॉ. संदीप सिंह, स्वास्थ्य निरीक्षक जितेंद्र सिंह और अनिल कुमार समेत अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। संवाद