संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले के तितरम गांव निवासी लखविंद्र कुमार को अमेरिका के कैलिफोर्निया में गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि वह हत्या के प्रयास और रंगदारी जैसे अपराधों में संलिप्त रहा। हालांकि, कैथल पुलिस के अनुसार जिले में उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में अनभिज्ञता जता रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि लखविंद्र गांव में शराफत से रहता था और परिवार की भी छवि साफ रही है। उसके पिता खेतीबाड़ी करते हैं और माता गृहिणी हैं। परिवार खेतीबाड़ी पर ही आश्रित है। करीब चार साल पहले लखविंद्र विदेश गया था ताकि परिवार की आर्थिक हालत सुधारी जा सके। अब उसे अपराध में संलिप्त बताकर गिरफ्तार किए जाने की खबर सुनकर ग्रामीण और परिवार दोनों हैरान हैं।
एसपी उपासना यादव ने बताया कि अभी लखविंद्र का किसी प्रकार का अपराधिक रिकॉर्ड जिले में नहीं है। वह डॉलर कमाने के लिए विदेश गया था ताकि परिवार का पालन-पोषण बेहतर हो सके। फिलहाल इस मामले में पुलिस अधिक जानकारी नहीं दे रही है।