संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हाबड़ी के हॉकी के स्टेडियम में चल रही 40वीं राज्यस्तरीय सीनियर पुरुष हॉकी प्रतियोगिता के चौथे दिन बढि़या खेल प्रदर्शन दिखाते हुए कैथल ने जींद को 2-1 से पराजित कर दिया। बुधवार को फाइनल मुकाबले में कैथल और हिसार की टीमें भिड़ेंगी।
यह जानकारी कोच सुरेंद्र प्रताप सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि पूरे हरियाणा से इस प्रतियोगिता में 21 टीमें भाग ले रही हैं। यह प्रतियोगिता 22 से 26 मार्च तक चलेगी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को सेमीफाइनल मुकाबले हुए जिसमें पहले मुकाबले में हिसार ने सोनीपत को पराजित कर दिया और शाम को कैथल ने जींद को 2-1 से पराजित कर दिया ओर फाइनल में प्रवेश पा लिया। बुधवार को फाइनल मुकाबले होंगे। इसमें पहला हार्ड लाइन मुकाबला जींद ओर सोनीपत के बीच होगा। वही फाइनल मुकाबला कैथल व हिसार के बीच होगा। कैथल टीम की जीत पर गांव के सरपंच गुरविंदर सिंह, हॉकी इंडिया के महासचिव सुनील मलिक, जिला हॉकी सचिव रमेंश कुमार, कोच सुरेंद्र प्रताप सहित ग्रामीणों व खिलाड़ियों ने बधाई व शुभकामनाएं दी।