संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय में मंगलवार को कामर्शियल आर्ट विभाग की ओर से दो दिवसीय पेंटिंग प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें बीए तृतीय वर्ष की छात्रा कोमल और गीता को क्रमश: 1100 और 500 रुपये नकद पुरस्कार देकर उनकी कलाकृतियों की सराहना की।
दूसरे दिन कॉलेज के सभी स्टाफ सदस्यों, छात्राओं और इंदिरा गांधी स्कूल के विद्यार्थियों और उनके अध्यापक वर्ग ने भी प्रदर्शनी का भ्रमण किया।
इससे पहले कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि गर्वनिंग बॉडी के जनरल सेक्रेटरी नरेंद्र मिगलानी ने शिरकत की। कार्यक्रम कामर्शियल आर्ट विभाग की प्राध्यापिका प्रोफेसर अरुणा ने मुख्यातिथि कॉलेज प्रबंधक समिति प्रधान रामबहादुर खुरानिया, कॉलेज प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग एवं सांयकालीन सत्र की प्राचार्या प्रभारी श्वेता तंवर को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने अपनी हस्तकला का प्रयोग करते हुए कैनवास पेंटिंग, चारकोल पोर्ट्रेट, स्केचिंग, हैंडमेड ज्वैलरी, हैंडमेड डायरी क्ले मॉडलिंग, हैंडमेड बैग्स और इंस्टॉलेशन मिक्स मीडिया आदि कलाकृतियां प्रस्तुत की।
कॉलेज समिति के प्रधान राम बहादुर खुरानिया ने अपने वक्तव्य में कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी छात्राओं की हस्तशिल्प कला को निखारने में मदद करती है। अतः कॉलेज के अलग-अलग विभागों की ओर से इस प्रकार की प्रदर्शनियां समय-समय पर लगाई जाती हैं। मुख्य अतिथि ने छात्राओं ने उकेरी गई कलाकृतियों का निरीक्षण किया और प्रदर्शनी में प्रतिभागी सभी छात्राओं को दो हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।