संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। भगवान श्रीराम के मंदिर में विराजमान होने के असर पर अयोध्या में आयोजित किए जा रहे भंडारे में दिल्ली में रहने वाले कैथल के निवासियों ने खूब सहयोग दिया है। शुक्रवार को नंदीशाला के प्रधान एवं भंडारा आयोजन समिति से जुड़े सुरेश कुमार बंसल की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली गया था।
वहां प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले लाला बनारसी दास का आशीर्वाद लिया। सुरेश कुमार किच्छानिया ने बताया कि दिल्ली में सुरेंद्र बंसल का टिंबर का कारोबार है। उनके व उनके पुत्र युवा व्यवसायी निशांत बंसल ने पूरी एक कॉपी ली है। जिसमें 50 पर्चियां हैं।
उन्होंने बताया कि वे दिल्ली में रह रहे कैथलवासियों व उनके सहयोगियों से भंडारे के लिए दान एकत्रित करके भेजेंगे। सुरेंद्र बंसल ने कहा कि यह सनातन धर्म के लिए सबसे बड़ा खुशी का अवसर है। जब भगवान श्रीराम का मंदिर बनने जा रहा है। इस अवसर पर कैथल को भंडारे की सेवा मिली है, जो एक हर्ष का विषय है। उनका प्रयास रहेगा कि एक करोड़ रुपया कैथल से एकत्रित कर भंडारे में सेवा दें।
इसी प्रकार से दिल्ली में रह रहे भगवान श्रीराम ने भंडारा लगाने का अवसर दिया है। लाला त्रिलोकीनाथ ने दो लाख 51 हजार, सुशील कुमार ने दो लाख 51 हजार सहित इस तरह से कई लोगों ने काफी योगदान दिया है।
व्यवसायी विनय कंसल राजधानी एनक्लेव, सुनील गुप्ता शालीमार बाग, मुकेश बंसल ने भी एक-एक लाख रुपये का योगदान दिया। वहीं देवीराम, सूरजभान ने भी काफी अच्छा सहयोग दिया। इसी प्रकार से कैथल निवासी सतपाल गोयल ने कहा कि पांच क्विंटल चाय व 50 क्विंटल दाल देकर भंडारे में सहयोग दिया।
निशांत बंसल ने कहा कि सनातन धर्म के लिए यह बड़ा अवसर है। अग्रवाल युवा सभा के पूर्व प्रधान एवं दिल्ली में अब व्यवसायी अशोक किच्छानिया ने कहा कि कैथल की ओर से भंडारा आयोजित होना बड़ा अवसर है।
-संबंधित खबर मुख्य संस्करण में