कैथल। श्री साईं रसोई सेवा समिति की ओर से वीरवार को आयोजित भव्य श्री साईं पालकी यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शाम को श्री साईं मंदिर बड़ी देवी मंदिर के निकट से शुरू हुई पालकी यात्रा गौशाला रोड, श्री हनुमान मंदिर, पार्क रोड और कमेटी चौक से होते हुए श्री गीता भवन मंदिर के दीपक भक्त हॉल पहुंची।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु साईं बाबा के जयकारे लगाते हुए भजन-कीर्तन और साईं नाम संकीर्तन करते नजर आए। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पालकी पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। पालकी यात्रा के गीता भवन पहुंचने के बाद श्री साईं भजन संध्या का आयोजन शुरू हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी कैलाश भक्त ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद शिरड़ी के प्रसिद्ध भजन सम्राट नानावीर और भजन गायक दर्पण शर्मा साईं बाबा की महिमा का गुणगान कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरा वातावरण साईं भक्ति से सराबोर हो गया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए लकी ड्रॉ के माध्यम से साईं बाबा का आकर्षक चित्र भी भेंट किया गया। भजन संध्या के समापन पर श्री साईं लंगर प्रसाद के विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में पहुंचे और देर रात तक धार्मिक आयोजन जारी रहा।