वार्ड नंबर 13 की गली में जमा गंदा पानी और कीचड़
राजौंद। वीरवार को सुबह हुई जोरदार बरसात से गलियां जलमग्न हो गईं। इससे लोगों की आवाजाही काफी प्रभावित हुई। सबसे ज्यादा स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
वार्ड नंबर 13 की गली पिछले कई वर्षों से कच्ची होने के कारण वार्ड वासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गली में जगह-जगह कीचड़ और पानी जमा होने से आवागमन मुश्किल हो गया है। लोगों में इस समस्या के लिए काफी रोष देखा जा रहा है। वार्ड वासियों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए उन्होंने कई बार प्रशासन से गुहार लगाई लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने मजबूर होकर अपने स्तर पर ही गली में रोडा डालकर रास्ता कुछ हद तक ठीक किया है लेकिन बरसात के बाद फिर पानी भर गया। इससे गली से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। इसके अलावा, स्थानीय लोगों ने सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सफाई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं आते जिससे नालियों में गंदा पानी भरा रहता है और बदबू के साथ-साथ बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द गली को पक्का करवाने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि उन्हें इस समस्या से राहत मिल सके।
वार्ड नंबर 13 की गली में जमा गंदा पानी और कीचड़