संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला कैथल को राज्य स्तरीय पोषण अवार्ड में प्रदेश भर में दूसरा स्थान मिला है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय व महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने डीसी प्रशांत पंवार को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
इस संदर्भ में डीसी प्रशांत पंवार ने बताया कि महिला एवं बाल विभाग ने पूरे जिला आंगनबाड़ी केंद्रों व प्ले-वे स्कूलों में बच्चों को पौष्टिक भोजन दिया जा रहा है। इसके साथ उचित खान-पान और बच्चों के बौद्धिक व मानसिक विकास हेतु क्या-क्या बच्चों को देना चाहिए, इसके बारे में भी निरंतर अभिभावकों को जागरूक किया जाता है। जिले को दूसरा स्थान मिलने पर उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी मनीषा गागट ने बातचीत करते हुए कहा कि डीसी प्रशांत पंवार के निरंतर मिले निर्देशों की अनुपालना की गई। उन्होंने समय-समय पर पोषण संबंधी बैठकें लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इतना ही नहीं वे स्वयं प्ले-वे स्कूलों का निरीक्षण करते रहे और दिए जाने वाले भोजन की जांच भी करते रहे। उन्हीं के मार्गदर्शन में जिला को यह स्थान प्राप्त हुआ है। बता दें कि यह अवार्ड जिला में 6 वर्ष तक के बच्चों के पोषण स्तर में सुधारात्मक कार्यों के लिए मिला है।