पहले दिन पीआर किस्म का करीब 500 क्विंटल धान खरीदा
धान की सरकारी खरीद शुरू न होने के चलते किसानों के बढ़ रहे विरोध के बीच आखिरकार सरकारी खरीद एजेंसियों को झुकना पड़ा। पहले दिन सरकारी खरीद एजेंसी हैफेड ने खरीद शुरू की। हैफेड की ओर से जब धान की ढेरी में नमी की मात्रा की जांच की तो यह 20 से अधिक मिली।
परंतु इस पर भी किसानों ने एतराज जताया। इसके बाद दूसरी मशीन से नमी जांची तो यह 17 प्रतिशत मिली। इसके बाद एजेंसी ने खरीद शुरू की। पहले दिन पीआर किस्म का करीब 500 क्विंटल धान खरीदा गया।
किसानों के प्रदर्शन के बीच शुक्रवार को सरकारी एजेंसियों ने तीन दिन पहले ही धान की सरकारी खरीद शुरू कर दी। बता दें कि इस बार अनाज मंडियों में पीआर किस्म के धान की आवक समय से पहले ही शुरू हो गई, लेकिन सरकारी खरीद शुरू नहीं हो पाई थी। इसके चलते किसानों की नाराजगी भी लगातार बढ़ रही थी।
बता दें कि पहले राज्य में धान की सरकारी खरीद 23 सितंबर से शुरू होनी थी, लेकिन अचानक से इसकी तिथि बदलकर एक अक्तूबर कर दी। जब किसान धान लेकर अनाज मंडियों में पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि तिथि आगे बढ़ा दी गई है। इसके बाद किसानों का विरोध शुरू हो गया। उन्होंने धान खरीद में हो रही देरी को लेकर किसानों ने अनाज मंडियों के बाहर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिए।
धान की सरकारी खरीद शुरू कर दी गई है। पहले एक अक्तूबर से ये खरीद होनी थी। शुक्रवार सुबह ही खरीद शुरू करने को लेकर पत्र मिला है। इसके बाद खरीद शुरू की गई है। अभी नमी ज्यादा आ रही है। किसानों से अपील है कि धान सुखाकर लाएं, ताकि उन्हें धान बेचने को लेकर कोई परेशानी झेलनी पड़े। - बसाऊ राम, सचिव, मार्केट कमेटी, कैथल।