अपने निवास पर ग्रामीणों से बातचीत करते विधायक ईश्वर सिंह।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के कैथल जिले के गुहला-चीका क्षेत्र में बाढ़ के समय में गांव भाटिया में हुए जजपा विधायक ईश्वर सिंह के साथ थप्पड़ कांड में रविवार को समझौता हो गया। इससे पहले विधायक के आवास पर गांव भाटिया के ग्रामीणोंं व विधायक ईश्वर सिंह की उपस्थिति में बैठक हुई।
इस दौरान गुहला के डीएसपी सुनील कुमार भी मौजूद थे। समझौते के तहत आरोपी महिला की ओर से माफी मांगने के बाद विधायक ने गुहला के डीएसपी सुनील कुमार को कोई भी कार्रवाई न करने के निर्देश दिए।
विदित हो कि 12 जुलाई को विधायक के साथ हुई धक्का-मुक्की और उन्हें थप्पड़ मारने के मामले की मुख्य आरोपी एक महिला रानी सहित अन्य ग्रामीण चीका स्थित विधायक के आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने विधायक से माफी मांगी। इन आरोपियों के साथ गांव भाटिया के सरपंच कर्मजीत सिंह सहित सैकड़ों लोग भी मौजूद थे।
इससे पहले गांव भाटिया से शनिवार को भी सैकड़ों लोग विधायक के आवास पर आए थे और इस मामले में विधायक से केस वापस लेने की गुहार लगाई थी। इस दौरान विधायक ने आरोपियों को माफ करते हुए मौखिक समझौता कर लिया था।
इसके बाद रविवार को पंचायत रखी थी, जिसमें भाटिया गांव के लोगों के साथ-साथ 36 बिरादरी के लोगों ने भाग लिया। गुहला से जजपा विधायक ईश्वर सिंह ने कहा कि कानून के तहत जो प्रक्रिया होगी, उसे दोनों ही पक्षों को पूरा करना होगा और वह मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहते।