शहर में बढ़ रहे डेंगू के मरीजों को देखते हुए नगर परिषद ने फैसला लिया है कि आगामी एक सप्ताह के भीतर तीन फॉगिंग मशीनें खरीदी जाएंगी, जिसकी मदद से शहर में मच्छर मारने की दवा का छिड़काव किया जाएगा। इसके लिए रविवार को ही टेंडर लगा दिया गया है। करीब 8 लाख रुपये में संबंधित एजेंसियों से निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। दूसरी ओर राहत की बात है कि डेंगू का रविवार को कोई नया मामला सामने नहीं आया। इससे पहले अब तक कुल 162 मामले सामने आ चुके हैं।
पिछले कई दिनों से डेंगू और वायरल बुखार के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि पूरे जिले में अभी तक 162 मरीजों में ही डेंगू की पुष्टि हुई है, लेकिन डेंगू से मिलते-जुलते लक्षणों वाले बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या हजारों में हैं। कई निजी अस्पतालों में तो मरीजों को बेड भी नसीब नहीं हो पा रहा है। वहीं वायरल बुखार में प्लेटलेटस कम होने से इसकी मांग बढ़ती जा रही है। सीएमओ डा. जयंत आहुजा ने बताया कि पूरे जिले में अभी तक 162 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। रविवार को कोई नया मामला डेंगू का सामने नहीं आया है।
नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता हिमांशु लाटका ने बताया कि शहर में डेंगू बुखार को देखते हुए मच्छरों को मारने के लिए दवा का छिड़काव तेज किया जाएगा। इसके लिए नगर परिषद द्वारा तीन फॉगिंग मशीनें खरीदी जाएंगी। करीब 8 लाख रुपये की लागत वाली इन मशीनों के लिए टेंडर लगा दिया गया है। एक सप्ताह के भीतर ऑटोमैटिक फॉगिंग करने वाली तीन अत्याधुनिक मशीनें खरीद कर शहर में कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। लोगों से अपील है कि वे अपने घरों के आस-पास पानी न खड़ा होने दें। घरों में भी खाली पड़ी वस्तुओं में पानी की जांच कर लें। कहीं उनमें डेंगू का लारवा तो नहीं पनप रहा।