ढांड। हरियाणा कृषि महाविद्यालय, कौल में छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन के समर्थन में बुधवार को जेजेपी युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला पहुंचे। उन्होंने आंदोलन कर रहे छात्रों पर की गई प्रशासनिक सख्ती की आलोचना की और इसे सरकार की विफलता करार दिया।
चौटाला ने कहा कि छात्र कॉलेजों में पढ़ाई करने आते हैं, लेकिन शांतिपूर्ण ढंग से अपने अधिकारों की मांग कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना और 35 छात्र नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाना लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई सरकार को एक दिन बैकफुट पर आने के लिए मजबूर करेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में विरोध की आवाज को लाठियों और गोलियों से दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा िक इस सरकार ने लोकतंत्र को लठतंत्र में बदल दिया है। चौटाला ने कृषि विश्वविद्यालय प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि 1972 से छात्रों के हित में चल रही नीतियों को वीसी ने एक झटके में बदल दिया, जिससे हजारों छात्र प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा के समय छात्रों को सड़कों पर बैठने के लिए मजबूर करना चिंता का विषय है। संवाद