फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अधूरे काम मार्च तक हर हाल में पूरे हों

Tue, 25 Feb 2014 11:30 PM IST
कैथल
विज्ञापन
विज्ञापन
सांसद नवीन जिंदल ने मंगलवार को विजिलेंस व मॉनीटरिंग कमेटी की बैठक ली जिसमें जिले में चल रही विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने अधर में लटके कार्यों को मार्च के अंत तक पूरा करने के निर्देश दिए, वहीं अधिकतर परियोजनाओं के संचालन पर संतोष जताते हुए अधिकारियों की पीठ थपथपाई। लघु सचिवालय में सांसद ने जिला के अधिकारियों को कहा कि वे इसी प्रकार से विकास के पथ पर समाज को आगे बढ़ाने का काम करते रहें। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की पूरी जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। इससे पहले डीसी एनके सोलंकी ने जिंदल की अंतिम जिला सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक में कहा कि वह चाहेंगे की भविष्य में भी जिंदल ही उनका मार्गदर्शन करें। सांसद ने भी अधिकारियों के साथ कर्मचारियों को भी विकास कार्यों में सहयोग करने के लिए धन्यवाद दिया।
विज्ञापन


अधिकारियों से ये सवाल पूछे
सवाल : गुहला क्षेत्र के गांव पोलड़ में ड्रेन के पानी की निकासी न होने के कारण पानी बड़ी मात्रा में एक जगह जमा हो गया है। यहां पानी निकासी न होने के कारण गंदा पानी बदबू तो मार ही रहा है, साथ में बीमारियों की भी आशंका बढ़ गई है।
जवाब : अधिकारी ने कहा कि ड्रेन के पुल का एक हिस्सा पानी के स्तर से काफी ऊंचा है, इसीलिए पानी की निकासी करने में दिक्कत आ रही है। इस पर सांसद ने इग्रीशेन विभाग को समस्या के समाधान का आदेश दिया ताकि पानी की निकासी हो सके। उन्होंने कहा कि बारिश से पहले यह काम हो जाना चाहिए।
विज्ञापन


सवाल : पूंडरी क्षेत्र के गांव डीग में वृद्धाश्रम में लंबे समय से निर्माण कार्य अटका हुआ है। पंचायतीराज के अंतर्गत आने वाले इस कार्य को पूरा नहीं किया गया है। इस कारण बुजुर्ग लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जवाब: प्रशासन की तरफ से जवाब आया कि इस निर्माण कार्य का एस्टिमेट बनाकर भेज दिया गया है। जल्द ही इस पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

सवाल: गांव मुहाना स्थित पानी की टंकी पर दरवाजा नहीं है। ऐसे में कई बार बच्चे इसके अंदर चले जाते हैं, जो किसी घटना का भी सबब बन सकते है।
जवाब: यहां भी जवाब था कि साहब जल्द ही पानी की टंकी पर गेट लगवा दिया जाएगा। इस पर सांसद साहब ने कहा कि सभी कार्य जल्द से जल्द पूरे हो जाने चाहिए।

सवाल : साकरा से आंहू सड़क की हालत खस्ता होने से वाहन चालकों के साथ-साथ राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के समय तो यहां से निकलना और भी मुश्किल हो जाता है।
जवाब: साहब इस सड़क का कुछ ही हिस्सा खराब है। इसे बनवा तो दिया है, लेकिन यहां स्टे लगा होने के कारण इस कार्य को पूरा करवाने में समस्या आ रही है। जिले के लगभग 6 स्कूलों में कमरों का निर्माण चल रहा है लेकिन केवल छत न बनने के कारण वे अधर में लटके हुए हैं।

सवाल : कलायत में बालंग गांव में प्रशासन ने सामूहिक शौचालय तो बना दिया, लेकिन यहां सुविधाएं मुहैया करवाने में नाकाम साबित हुआ। ऐसे में यहां बनाया गया शौचालय किसी काम नहीं आ रहा है। इसके अलावा कलायत के ही गांव खेड़ी सिम्बलवाली सहित छह स्कूलों में छत न होने के कारण बच्चों को परेशानी हो रही है।
जवाब : शौचालय को लेकर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा गया, वहीं स्कूलों के मामलों में अध्यापकों द्वारा उपयोगिता प्रमाणपत्र जमा न करवाए जाने के कारण पैसा होते हुए भी निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ रहा है। डीईओ एवं सर्वशिक्षा अभियान के एसडीओ ने शीघ्र काम को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।

इन अधिकारियों की सराहना
बैठक में डीआरओ राजबीर धीमान, सीएमओ डॉ. आदित्य स्वरूप गुप्ता एवं डीएफएससी सुरेंद्र सैनी की कार्यशैली की काफी सराहना हुई। सांसद ने सभी अधिकारियों के साथ मिलकर तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।

संतुष्ट दिखे सांसद
बैठक में सांसद अधिकतर कार्यों पर संतुष्ट दिखे। अधिकारी सांसद को यह विश्वास दिलवाने में सफल रहे कि जिले में शायद ही कोई ऐसी बड़ी समस्या हो, जिसका हल न निकाला गया हो। सांसद ने भी प्रशासनिक अधिकारियों का हौसला बढ़ाते हुए इसी प्रकार से काम करने की सलाह दी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें