संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर की नानकपुरी कॉलोनी में चोरों ने दो मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के समय दोनों घरों के परिवार के सदस्य कहीं बाहर गए हुए थे।
रविवार की सुबह पड़ोसियों ने देखा कि दोनों मकानों के मुख्य गेटों के ताले टूटे हुए हैं। उन्होंने तुरंत मकान मालिकों को सूचना दी कि उनके घर में चोरी हो गई है। सूचना मिलते ही मकान मालकिन मौके पर पहुंचीं और तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी।
शहर थाना पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल चोरों का सुराग नहीं लग पाया है, लेकिन पुलिस आसपास के मकानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
मकान मालकिन नन्ही देवी ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य बाहर गए हुए थे और वे स्वयं अपने मायके में थीं। सुबह पड़ोसियों ने फोन पर घर के ताले टूटे होने की खबर दी। उन्होंने बताया कि चोर अलमारी, ताले और दरवाजे तोड़कर घर का सामान बिखेर गए। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि चोरी कितने रुपये और कितने गहनों की हुई है।
शहर थाना प्रभारी गीता रानी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। मामले की जांच जारी है। मकान मालिकों के बयान दर्ज किए जाएंगे।