संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। क्योड़क गांव में चोर एक मकान से करीब तीन लाख 55 हजार रुपये के गहने और नकदी चोरी कर भाग निकले। इस दौरान परिवार के सदस्य बाहर गए हुए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
क्योड़क निवासी बलदेव उर्फ देबा ने सदर थाना में दी शिकायत में बताया कि वह खेती करता है। कुछ दन पहले वह घर से बाहर गांव सिधानी फतेहाबाद में सगाई के प्रोग्राम में गया हुआ था और उसकी पत्नी बच्चों सहित अपने मायके यूपी में गयी हुई थी। घर पर उसका चाचा मलखान सिंह अकेला था। जब शाम को वह अपने घर पर आया और अलमारी को चेक किया तो अलमारी खुली हुई थी।
अलमारी से एक सोने का मंगलसूत्र, कानों के सोने के कांटे, एक सोने की अंगूठी, सोने की नथली, ओम, चांदी की पाजेब, कुछ अन्य चांदी के जेवरात व 35000 रुपये चोरी हुए मिले। जब उसने आस पड़ोस में पता किया तो उसके चाचा मलखान सिंह ने बताया कि उसके जाने के बाद घर में दिन के समय झंडू उर्फ रवि आया था। जब उसने पता किया तो झंडू उर्फ रवि ने बताया कि उसने कपिल नामक व्यक्ति जिसकी गांव बेगपुर में सुनार की दुकान है उसे सारा सामान बेच दिया था। सदर थाना प्रभारी रमेश चंद्र ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है।