फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: जाट सोसाइटी चुनाव ः दो फरवरी को होगा मतदान

Sun, 29 Dec 2024 01:20 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

कैथल। शहर की सबसे पुरानी जाट हाई स्कूल सोसाइटी के चुनाव का बिगुल बज चुका है। अब करीब तीन साल बाद इस संस्था के प्रधान के लिए चुनाव होंगे। जबकि इस समय एडहॉक कमेटी की ओर से संस्था का कार्यभार संभाला जा रहा है।

गौरतलब है कि राजनीति के बड़े दिग्गज इस संस्था के सदस्य हैं, जिनमें पूर्व राज्यमंत्री कमलेश ढांडा, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, इनेलो के प्रधान महासचिव अभय चौटाला, जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला और पूर्व संसदीय सचिव रामपाल माजरा भी शामिल हैं। अब संस्था के काॅलेजियम गठन के लिए एडीसी व सोसाइटी के चुनाव अधिकारी दीपक बाबू लाल करवा ने चुनाव का शेड्यूल जारी किया है।
विज्ञापन


अब नए साल में 10 जनवरी से चुनाव प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। मतदान दो फरवरी होना है। इस समय एडीसी को संस्था का प्रशासक नियुक्त किया हुआ है। कुछ दिन पहले ही करीब 3300 लोगों के वोट काटे गए थे। इस पर लोगों से आपत्तियां ली जा रही थीं। वोट कटने की सूचना मिलने के बाद लोग संस्था के कार्यालय में पहुंच गए थे और हंगामा भी किया था। साल 2021 में जब नए वोट बने थे तो उन्होंने चेक और डिमांड ड्राफ्ट की सहायता से पैसे जमा करवाए थे। इसके बाद वोटर कार्ड भी मिल गया था। अब कहा जा रहा है कि चेक या डीडी से पैसे जमा नहीं हुए हैं और इस कारण वोट काटे गए हैं। करीब तीन सालों से सोसाइटी के चुनाव नहीं हुए हैं। कभी एडहाॅक कमेटी तो प्रशासनिक अधिकारी को जिम्मेदारी दी जा रही है। ऐसे में संस्था को भी नुकसान हो रहा है।

अगर नियमित प्रधान होगा तो बड़े कार्यक्रम भी करवाए जा सकते थे, जिससे संस्था को फायदा होता। सोसाइटी में करीब 18 हजार 199 वोट बने हुए हैं। इनमें से 10 हजार वोट साल 2021 में नए बनाए गए थे। जो वोट नए बनाए गए थे, उनको लेकर ही विवाद हो रहा है।

जाट हाई स्कूल सोसाइटी का वर्ष 2022 की जनवरी में चुनाव कार्यक्रम तय हुआ था। मतदाताओं की सूची पर 75 कालेजियम के चुनाव होने थे। उस समय प्रबंधक समिति ने काॅलेजियम में लगभग 10 हजार नए मतदाताओं को जोड़ दिया था। इस पर कई सदस्यों ने आपत्ति जताई थी। यह शहर की एक पुरानी संस्था है। इसमें करीब साढ़े तीन हजार विद्यार्थी स्कूल, काॅलेज, आइटीआइ में पढ़ाई कर रहे हैं। साल 1939 में सोसाइटी बनाई गई थी।

दावे और आपत्तियां दाखिल करने का समय शुक्रवार को ही समाप्त हो गया है। इस दौरान कुल 866 आपत्तियां प्राप्त हुई थी। सभी आपत्तियों की जांच की जा चुकी है और इनमें से 186 आपत्तियां सही मिलीं हैं। इस समय संस्था की सोसायटी में 16 हजार 27 मतदाता हैं, जो चुनाव में भाग लेंगे। - दीपक बाबू लाल कारवा, प्रशासक एवं एडीसी
पहली बार वर्ष 2006 में हुआ मतदान
गौरतलब है कि जाट हाई स्कूल सोसाइटी 85 वर्ष पुरानी है। शुरुआत में इस संस्था में कोई चुनाव नहीं होता था और न ही अधिक वोट थे। उस समय महज से 150 से 200 सदस्य ही होते थे। इस दौरान सबसे अधिक लंबे समय तक करीब 40 वर्षों तक बारू राम संस्था के प्रधान बने रहे थे।
विज्ञापन


इस संस्था में रजिस्टर्ड होने के बाद वर्ष 2006 में प्रधान के लिए पहली बार मतदान हुआ था। जिसमें बाबू राम छौत प्रधान चुने गए थे। इसके बाद वर्ष 2019 तक हुए चुनावों में कुल तीन प्रधान बने हैं। इसमें बाबू राम छौत के बाद वर्ष 2008 में बलवान कोटड़ा प्रधान चुने गए। जिनका कार्यकाल 2010 तक रहा। इसके बाद फिर से बलवान कोटड़ा दूसरी बार प्रधान बने। इसके बाद वर्ष 2013 से 2016 तक एडहाॅक कमेटी का कार्यकाल रहा। इसके बाद हुए चुनावों में रणबीर ढुल फौजी प्रधान चुने गए। वह 2019 तक प्रधान रहे। इसके बाद इंद्र नौच प्रधान बने। परंतु नए वोट बनने के बाद चुनाव का मामला कोर्ट में जाने के बाद से चुनाव नहीं हुए हैं। इसके बाद लगातार एडहॉक कमेटी की ओर से कार्यभार संभाला जा रहा है।
चुनाव का पूरा शेड्यूल
मतदाता सूची कालेज गेट पर चस्पा 27 दिसंबर।

मतदाता सूची को लेकर आपत्ति दस जनवरी से 12 जनवरी तक।

आपत्तियों की जांच एवं निर्णय 13 से 15 जनवरी।

संशोधित मतदाता सूची को बोर्ड पर लगाना 16 जनवरी।

नामांकन पत्रों को भरकर प्रस्तुति करना 17 और 18 जनवरी।

नामांकन पत्रों की जांच 21 जनवरी।

नामांकन वापस लेना 22 जनवरी।

चुनाव चिह्न दिए जाएंगे 23 जनवरी।

मतदान की तिथि दो फरवरी सुबह आठ से चार बजे तक।
मतदान के लिए ध्यान रखें
चुनाव अधिकारी का निर्णय अंतिम होगा।

मतदान के समय सोसाइटी की तरफ से जारी पहचान पत्र और सरकारी प्रमाण पत्र जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या वोटर कार्ड।

सभी काॅलेजियम की मतदाता सूची लेने के लिए 5100 रुपये और एक कालेजियम की सूची 500 रुपये में मिलेगी।

मतदाता सूची जाट हाई स्कूल सोसाइटी की साइट से भी डाउनलोड हो सकती है।

नामांकन फीस 11 हजार रुपये रहेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें