संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जाट हाई स्कूल सोसाइटी का चुनाव करीब चार साल बाद रविवार को होगा। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से भी सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में शनिवार को चुनाव प्रक्रिया के तहत होने वाले मतदान को लेकर कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया।
गौरतलब है कि इस मतदान प्रक्रिया में 16 हजार से अधिक मतदाता हिस्सा लेंगे। प्रशासन ने भी चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए 30 टीमों का गठन किया है।
सोसाइटी में 75 कॉलेजियम के सदस्यों का चुनाव होना था, लेकिन नामांकन प्रक्रिया के तहत 46 कॉलेजियम में पहले ही सहमति बन चुकी है जबकि दो कॉलेजियम कोई भी नामांकन न आने से सदस्य निविर्रोध चुने जा चुके हैं।
एडीसी एवं जाट हाई स्कूल सोसाइटी के प्रशासक दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न करवाने के लिए 30 टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में तीन सदस्य हैं, इनमें एक पीठासीन अधिकारी तथा दो चुनाव अधिकारी शामिल हैं।
एडीसी ने बताया कि इसमें 46 कॉलेजियम निर्विरोध चुने जा चुके हैं। कॉलेजियम नंबर 23, 52 व 71 में कोई नामांकन सही नहीं पाए जाने के कारण खाली रह गए हैं। अब 26 कॉलेजियम में 55 उम्मीदवार मैदान में हैं और इन 26 कॉलेजियम में कुल 5611 मतदाता हैं। जाट कॉलेज कैथल में दो फरवरी को सुबह आठ से शाम चार बजे तक मतदान होगा। उसी दिन शाम को परिणाम घोषित किया जाएगा।