कलायत। गांव खरक पांडवा निवासी जसविंद्र उर्फ बबली की अपहरण कर हत्या मामले की जांच अब सीआईए करेगी। एसपी कुलदीप यादव ने यह निर्देश दिए हैं। दरअसल, वीरवार को गांव के लोग एसपी कुलदीप सिंह यादव से मिले तथा आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
ग्राम सरपंच कमला देवी, दया सिंह और गुरनाम सिंह ने बताया कि घटना से पूरा गांव दहशत व सदमे में है। कलायत थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि जसविंद्र के हत्यारों को पकड़ने के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है तथा ये टीमें जगह जगह छापामारी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपियों ने कलायत की ही एक दुकान से मोबाइल को सिम लेकर काल्स की थीं तथा उसके बाद यहीं पर ही उसे तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस की टीमों द्वारा आईडी की जांच की जा रही है।
ये है मामला
उल्लेखनीय है कि मंगलवार सांय करीब पांच से छह बजे के बीच चार लोगों ने गांव खरक पांडवा निवासी जसविंद्र की स्कॉपियो यमुनानगर के लिए हायर की थी। लेकिन उसके बाद बुधवार सुबह उसका शव यमुनानगर के गांव जठलाना के पास पेड़ से बंधा हुआ मिला था। उसके शरीर पर चोट के निशान भी थे और मुंह पर टेप लग हुई थी।
हत्यारों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग
कैथल। जसविंद्र हत्याकांड मामले में गांव खरक पांडवा से भारी संख्या में लोग एकत्रित होकर वीरवार को लघु सचिवालय पहुंचे। जहां एसपी को ज्ञापन देकर मामले में तुरंत प्रभाव से हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की। एसपी ने लोगों को आश्वासन दिया कि पुलिस शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।
वीरवार सुबह गांव से भारी संख्या में लोग एकत्रित होकर लघु सचिवालय पहुंचे। लघु सचिवालय के प्रवेश द्वार पर एसपी खुद लोगों से मिलने के लिए आए। जहां लोगों ने पुलिस से मांग करते हुए कहा कि तुरंत हत्यारों को गिरफ्तार किया जाए। गांव वासियाें ने अरोप लगाया कि जसविन्द्र की हत्या एक सोचे समझे षड़यंत्र के तहत की गई है। एक साजिश के तहत बदमाशों ने उसका अपहरण किया और बाद में उसकी हत्या कर दी।
गांव वासी वदेपाल, दिलबाग, दया सरपंच, हजूर सिंह, वेदपाल, ब्रज लाल, सूबे सिंह, ज्ञान सिंह, वेदपाल, बलिन्द्र ने तुरंत कार्रवाई की मांग की। एसपी कुलदीप सिंह यादव ने कहा कि यह एक दुखद हादसा है। उन्हें भी काफी दुख है। पुलिस इस मामले में गंभीरता से जांच में जुटी है। शीघ्र ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।