संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड/कैथल। जगतगुरु ब्रह्मानंद की जयंती के उपलक्ष्य में 23 दिसंबर को चुहड़ माजरा गांव में भव्य राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए तैयारियों को तेज कर दिया है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भाजपा नेताओं ने कार्यक्रम स्थल का बुधवार को निरीक्षण किया। इनमें डीसी अपराजिता, पुलिस अधीक्षक उपासना, विधायक सतपाल जांबा, भाजपा नेता अशोक गुर्जर आदि शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्य पंडाल, पार्किंग, भंडारा, मीडिया गैलरी, सांस्कृतिक मंच, प्रदर्शनी और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि जगतगुरु ब्रह्मानंद की जयंती को लेकर समाज में भारी उत्साह है। स्थानीय ग्रामीणों और संस्थाओं ने प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया है। इस समारोह में प्रदेशभर से हजारों श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है।
समाज के लोगों के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखें ः डीसी
निरीक्षण से पहले आश्रम में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें डीसी अपराजिता ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि समाज के लोगों के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखें और अपनी तैयारियां समय रहते पूरी करें। उन्होंने कहा कि यह राज्य स्तरीय आयोजन है, इसलिए सुरक्षा, स्वच्छता और जल आपूर्ति जैसी बुनियादी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। उपायुक्त ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए अधिकारियों के साथ-साथ ग्रामीणों को भी जिम्मेदारियां सौंपी। कहा कि सभी अपने-अपने क्षेत्र में ड्यूटी को निभाएंगे। ग्रामीणों के साथ आपसी तालमेल बिठाकर इस राज्य स्तरीय सम्मेलन को कामयाब बनाएं।
डीसी अपराजिता ने कहा कि श्रद्धालुओं के बैठने, उनकी एंट्री और एग्जिट, वाहनों के आवागमन और पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित हो। प्रसाद वितरण, आध्यात्मिक प्रदर्शनी, प्रेस गैलरी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंच की रूपरेखा पर भी विस्तार से मंथन किया गया। इसके अलावा, मुख्यमंत्री के आगमन के लिए चिह्नित हेलीपैड स्थल का निरीक्षण भी किया गया।
एसपी उपासना ने सुरक्षा और प्रोटोकॉल के लिहाज से संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण में शहीद स्मारक के निदेशक कुलदीप सैनी, एडीसी सुरेश राविश, जिला नगर आयुक्त कपिल शर्मा, एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार, कलायत एसडीएम अजय हुड्डा और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।