कैथल। सिरटा गांव से खेडी गुलाम अली को जोड़ने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी है। करीब पांच माह पहले बनी सड़क की हालात खराब हो गई है। कम अवधि में ही सड़क की परत उखड़ने लगी है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। सड़क की हालत ऐसी हो चुकी है कि राहगीरों और वाहन चालकों का निकलना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के दौरान घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसकी वजह से सड़क जल्दी टूट गई। ग्रामीण सुरेश ने बताया कि सड़क बनने के समय लोगों को उम्मीद थी कि अब आवागमन सुगम होगा और वर्षों से चली आ रही परेशानी दूर हो जाएगी, लेकिन कुछ ही महीनों में सड़क की परत उखड़ने लगी। कई स्थानों पर बजरी बाहर आ गई है ।उन्होंने कहा कि बरसात के बाद हालात और ज्यादा खराब हो जाते है। जिससे कीचड़ और पानी भरने से सड़क खतरनाक बन गई है। वाहन चालक अमित का कहना है कि सड़क पर बने गड्ढों के कारण बाइक और कार चलाना जोखिम भरा हो गया है। रात के समय तो हादसे की आशंका और बढ़ जाती है, क्योंकि गड्ढे दिखाई नहीं देते। कई बार वाहन फिसल जाते हैं।
स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण रमेश, साहिल ने बताया कि यह सड़क आसपास के कई गांवों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। रोजाना सैकड़ों लोग इसी रास्ते से कामकाज, स्कूल और बाजार के लिए आते-जाते हैं। सड़क की खराब स्थिति से न केवल समय की बर्बादी हो रही है, बल्कि वाहनों का रखरखाव खर्च भी बढ़ रहा है। लोगों ने जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत या दोबारा निर्माण कराने की मांग प्रशासन से की हैं, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।