संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। नगर पालिका कार्यालय परिसर में जारी निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। एक ओर जहां शहर के विभिन्न वार्डों में जरूरी विकास कार्य अधर में लटके हैं, वहीं नपा अधिकारियों की प्राथमिकता अपने ही कार्यालय में लीपापोती कराने में नजर आ रही है।
सोमवार को नगर पालिका कार्यालय के आंगन में चल रहे पक्के निर्माण कार्य का निरीक्षण पार्षद प्रदीप राणा, प्रीत जगदेव, पार्षद प्रतिनिधि सचिन राणा व अन्य प्रतिनिधियों ने किया। इस दौरान पाया गया कि निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी की जा रही है। कहीं मजबूत कंक्रीट का बेस नदारद था, तो कहीं पर रोडा की मात्रा तय मानकों से कम थी। कई जगह दलदली हालात भी मिले। इससे कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए।
पार्षद प्रदीप राणा और प्रीत जगदेव ने इस स्थिति को चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि जब नपा कार्यालय परिसर में ही पारदर्शिता और गुणवत्ता नहीं बरती जा रही तो वार्डों में क्या अपेक्षा की जा सकती है। इस तरह की लापरवाही जनता के साथ सीधा धोखा है।
सवाल उठने के बाद नपा जेई संजीव धीमान और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि पूरे कार्य का
दोबारा निरीक्षण किया जाएगा और जहां भी सामग्री की कमी है, उसे पूरा किया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।
स्थानीय नागरिकों ने पार्षदों की पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि अब पारदर्शी और मजबूत कार्य होंगे। यह मामला एक बार फिर नगर पालिका के निर्माण कार्यों की पारदर्शिता और कार्य संस्कृति पर सवाल खड़े करता है।