संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। युवा कार्यक्रम एवं उद्यमिता विभाग हरियाणा की ओर से राजकीय आईटीआई में मंगलवार को जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के सभी राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के छात्रों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें प्रथम स्थान पर अमरीक (पुरस्कार 1100 रुपये), द्वितीय मन्नु देवी चीका (750 रुपये) और तृतीय पायल (500 रुपये) रहीं। पुरस्कार चेक के माध्यम से दिए गए।
मंच संचालन रणधीर ढांडा ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य सतीश मच्छाल ने की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस 12 अगस्त को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य युवाओं की आवाज़, कार्यों और पहलों का सम्मान करना तथा उनकी चुनौतियों पर चर्चा कर समाधान खोजना है।
पूर्व युवा क्लब अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस की शुरुआत 1999 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने की थी और पहला आयोजन 12 अगस्त 2000 को हुआ। उन्होंने युवाओं को गांव-गांव में युवा क्लब बनाने के लिए प्रेरित किया।
जिला युवा अधिकारी मोहित नेहरा ने कहा कि 15 से 29 वर्ष के युवा मिलकर सक्रिय युवा क्लब बना सकते हैं। पंजीकरण के लिए नेहरू युवा केंद्र स्वयंसेवकों की सहायता प्रदान करता है। राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी शमशेर सिंह मलिक ने बताया कि इस अवसर पर विश्वभर में सांस्कृतिक कार्यक्रम, ऑनलाइन चर्चाएं, लीडरशिप समिट, मैराथन और पौधारोपण जैसी गतिविधियां होती हैं।
इस अवसर पर प्रमोद कुमार, अनिल ढुल, सतीश सैनी, राजबीर चौहान, इंदुबाला, राहुल चौहान, संदीप कुमार, नवीन कालिया, कुमारी विजेता, प्रमोद कुमार और सुनील कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।