कैथल। पुलिस लाइन कैथल में आयोजित क्राइम मीटिंग में एसपी उपासना ने गंभीर अपराधों की जांच, लंबित मामलों के निपटारे, गिरफ्तारी दर में वृद्धि, नशा और साइबर अपराधों पर नियंत्रण, महिला सुरक्षा तथा शिकायत निवारण प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।
एसपी उपासना ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को क्राइम क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का पहला कर्तव्य है अपराधियों को पकड़कर जनता को सुरक्षित माहौल प्रदान करना। एसपी ने अधिकारियों को आदेश दिए कि थाना और चौकियों में आने वाले परिवादियों के साथ मधुर व्यवहार करते हुए उनकी शिकायतों का शीघ्र निवारण किया जाए।
एसपी ने यह भी कहा कि सभी कर्मचारियों को भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति का पालन सुनिश्चित करना होगा। गंभीर और जघन्य अपराधों की जांच में तेजी और समयबद्धता पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में डीएसपी बीरभान सिंह, कुलदीप बेनीवाल, ललित कुमार, गुरविंद्र सिंह के साथ सभा थाना प्रबंधक, चौकी इंचार्ज और सभी क्राइम यूनिट प्रभारी उपस्थित रहे। संवाद