संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह ने सोमवार को आगामी गेहूं खरीद सीजन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया को पूरी तरह सुचारू, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाया जाए तथा सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनाज मंडियों में किसानों के लिए पेयजल, शौचालय, सफाई, रोशनी और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा, मंडियों में पर्याप्त बारदाना (बोरी) उपलब्ध रहे, ताकि खरीद कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
उन्होंने कहा कि गेहूं की खरीद निर्धारित तिथि से शुरू की जाए और इलेक्ट्रॉनिक कांटों के माध्यम से पारदर्शी तौल सुनिश्चित की जाए। किसानों को उनकी फसल का भुगतान समय पर सीधे उनके बैंक खातों में किया जाए। साथ ही खरीदे गए गेहूं का समय पर उठान सुनिश्चित किया जाए, ताकि मंडियों में भीड़भाड़ या जाम की स्थिति न बने। मंडियों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं।
एसडीएम ने बताया कि प्रत्येक खरीद केंद्र पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। चीका अनाज मंडी में बिजली विभाग के एक्सईएन और अतिरिक्त अनाज मंडी में सिंचाई विभाग के एसडीओ को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं रामथली मंडी में बिजली विभाग सीवन से एसडीओ, अरनौली मंडी में बागवानी अधिकारी तथा भागल मंडी में जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विभिन्न खरीद केंद्र संचालित किए जाएंगे, जहां संबंधित विभागों के अधिकारी अपनी ड्यूटी निभाते हुए खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाएंगे।