संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले के खेल स्टेडियमों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। हाल ही में सांसद नवीन जिंदल ने प्रशासनिक बैठक में एक कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी स्टेडियमों का निरीक्षण कर रही है और रिपोर्ट तैयार कर रही है। रिपोर्ट के आधार पर सांसद द्वारा मरम्मत के लिए अतिरिक्त बजट जारी किया जाएगा।
यहां छोटे और बड़े 22 स्टेडियम हैं, जिनमें से दो-तीन निर्माणाधीन हैं। मरम्मत का काम पीडब्ल्यूडी विभाग कर रहा है, जिसके लिए लगभग एक करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। हालांकि बजट की कमी और अन्य कारणों से कई स्टेडियमों में मरम्मत कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है।
उदाहरण के लिए, पट्टी अफगान खेल स्टेडियम और इंडोर स्टेडियम कैथल में बजट की कमी के कारण मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो पाया। कमेटी यह सुनिश्चित करेगी कि किन स्टेडियमों में कार्य रुका हुआ है और किन्हें तुरंत मरम्मत की आवश्यकता है।
निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश ः चीका में खरौदी रोड पर लगभग दस एकड़ भूमि में एथलेटिक्स स्टेडियम का निर्माण चल रहा है। पहले चरण में इस स्टेडियम पर नौ करोड़ रुपये खर्च होने हैं। इंडोर हाल का निर्माण और चार दीवारें पूरी की जा चुकी हैं। हालांकि, पिछले दो वर्षों से निर्माण कार्य ठप पड़ा है। नगर पालिका ने ठेकेदार को कई नोटिस जारी किए और जुर्माना भी लगाया, फिर भी काम शुरू नहीं हो सका। सांसद की कमेटी ने स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने इस स्टेडियम की घोषणा 2017 में की थी, जबकि निर्माण कार्य 2021 में आरंभ हुआ था।
गुहला चीका क्षेत्र में करीब 700 खिलाड़ी कर रहे अभ्यास
गुहला चीका क्षेत्र में लगभग 700 खिलाड़ी एथलेटिक्स, आर्चरी, हाकी, कबड्डी और कुश्ती जैसे खेलों में अभ्यास कर रहे हैं। स्टेडियमों की मरम्मत और निर्माण पूरा होने पर खिलाड़ियों को इसका लाभ मिलेगा। इससे कैथल ही नहीं, आसपास के जिलों के खिलाड़ी भी अभ्यास के लिए यहां आएंगे। सांसद कार्यालय प्रभारी रविंद्र धीमान ने बताया कि सांसद के निर्देश पर ही कमेटी का गठन किया गया था।