Independence Day celebrations will be held at Police Line Ground
- फोटो : Kaithal
स्वतंत्रता दिवस समारोह कोविड नियमों का पालन करते हुए पुलिस लाइन मैदान में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर वीरवार को जिला प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें डीसी प्रदीप दहिया ने आवश्यक निर्देश जारी किए। बैठक में तय किया गया कि स्वतंत्रता सेनानियों व उनके परिजनों को घर जाकर जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा। स्वामित्व, जल शक्ति अभियान, परिवार पहचान पत्र, ऑनलाइन एजुकेशन तथा कोरोना वैश्विक महामारी को हराने में अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वजारोहण मुख्यातिथि द्वारा किया जाएगा। इसके बाद परेड निरीक्षण होगा, फिर मुख्यातिथि का संबोधन होगा। इसके उपरांत मार्च पास्ट होगा और राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम संपन्न होगा। इससे पहले मुख्यातिथि द्वारा नगर के विभिन्न शहीद स्मारकों पर जाकर शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। कोविड-19 के दृष्टिगत पीटी शो, डंबल, लेजियम की प्रस्तुति नहीं होगी। 9, 10 व 11 अगस्त को सामूहिक मार्च पास्ट का अभ्यास होगा तथा 13 अगस्त को अंतिम पूर्वाभ्यास किया जाएगा। एडीसी की अध्यक्षता में डीईओ, डीआईपीआरओ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन करेंगे। इस अवसर पर नगराधीश अमित कुमार, डीएसपी कुलवंत सिंह, रोडवेज महाप्रबंधक अजय गर्ग, सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।