संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। ठंड बढ़ने के बावजूद जिले में डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है। मरीजों की संख्या 88 तक पहुंच चुकी है। जबकि पिछले साल डेंगू के 77 मरीज मिले थे। वहीं तीन मरीज चिकनगुनिया और एक मलेरिया का भी सामने आ चुका है। हालांकि शनिवार को डेंगू का नया केस नहीं आया है। स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है, लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी नए मरीज मिल रहे हैं।
विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को सफाई रखने और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने के लिए जागरूक कर रही है। शनिवार को घरों का सर्वे किया गया। मरीजों के नमूने अब प्रदेश की 27 परीक्षण प्रयोगशालाओं में भेजे जा रहे हैं और सैंपलिंग की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। शहरी एरिया में नगर परिषद और ग्रामीण में ग्राम पंचायतों के माध्यम से हाई रिस्क वाले एरिया में फॉगिंग करवाई जा रही है।