संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गर्मी के दस्तक देने के साथ ही बीमारियों ने भी दस्तक दे दी है। ऐसे में छोटे बच्चों को पेट की समस्याएं बढ़ी हैं। उन्हें पेचिश संग उल्टी की परेशानी हो रही है। ऐसे में बच्चों की ओपीडी भी बढ़ी है। वहीं, इस समय बच्चों में उल्टी, दस्त, बुखार व खांसी होने लगी है।
बाल रोग विशेषज्ञों के अस्पतालों में इसी रोग से पीड़ित बच्चों की संख्या दिन प्रति दिन बढ़ रही है। सिविल अस्पताल में लोग बीमार बच्चों को कम दाखिल कराते हैं। बाल रोग विशेषज्ञों के अनुसार इन दिनों मौसम में बदलाव व पीने के पानी गंदा होने के कारण यह रोग गर्मी में अधिकतर होता है। तेज धूप व गर्मी के कारण भी स्वास्थ्य पर इसका असर पड़ता है।
यदि अपने आसपास कहीं भी गंदा पानी खड़ा है तो सबसे पहले उसको मिट्टी डालकर उसको बराबर करें व उसकी साफ अवश्य करें या कराए। इसके अलावा इन दिनों फल व अन्य सब्जियां भी गंदी होने के इस प्रकार की बीमारी को जन्म दे रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों खेतों में काम करने वाली महिलाओं को गर्मी लगने के कारण भी उनके बच्चों को भी उल्टी व दस्त आदि होता है।
बच्चों व खुद भी पानी उबालकर पीएं। आसपास के क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बनाए रखे। कटे हुए फल व सब्जियों न खाएं व फलों को पानी से साफ करके ही खाएं। बच्चों को गर्मी से बचाने के लिए उन्हें बाहर धूप में न निकालें। -डॉ. अनिल अग्रवाल, बाल रोग विशेषज्ञ