26केएलटी5: मांग दिवस पर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपते सर्व कर्मचारी संघ के सदस्य
कलायत। अखिल भारतीय राज्य कर्मचारी महासंघ द्वारा राष्ट्रीय सम्मेलन में उठाई गई 10 मांगों को लेकर 26 फरवरी को मांग दिवस मनाया गया। मांगों को लेकर सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की कलायत इकाई ने तहसीलदार के माध्यम से मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा। मांगों को लेकर यूनियन के नेता सुरेश ऊचाना ने कहा कि सभी संविदा कर्मचारियों को नियमित किया जाए। कौशल रोजगार निगम के तहत अनुबंध के आधार पर गेस्ट टीचर, आउटसोर्स, दैनिक वेतनभोगी रोजगार व्यवस्था को समाप्त किया जाए।
पेंशन निधि विनियामक और विकास प्राधिकरण को निरस्त किया जाए। सभी चार श्रम संहिताओं को निरस्त किया जाए। 8वें वेतन आयोग की संदर्भ शर्तों की समीक्षा की जाए और हर पांच वर्ष में नियमित वेतन संशोधन सुनिश्चित किया जाए। कर्मचारियों, पेंशनरों सहित सभी कच्चे, गेस्ट, कौशल अनुबंध कर्मचारियों को अस्पतालों में कैशलेस उपचार सुनिश्चित हो। 2010 से पहले के शिक्षकों पर टेट की अनिवार्यता और नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को वापस लिया जाए। शिक्षा का बजट दोगुना किया जाए। जनसंख्या के अनुपात में पद सृजित किए जाएं। इस अवसर पर सभी विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।