संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर में जगह-जगह गैर कानूनी तरीके से लगाए गए होर्डिंग और पोस्टरों ने शहर की सुंदरता और सुरक्षा दोनों को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। पिहोवा चौक, पुराना बस स्टैंड, माता गेट, डोगरा गेट, अंबाला रोड, खुराना रोड, ढांड रोड समेत अन्य चौकों, खंभों और डिवाइडरों पर बड़े-बड़े बोर्ड और बैनर लगाए हुए हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई स्थानों पर बड़े आकार के होर्डिंग हवा चलने पर गिरने की स्थिति में रहते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा, ये अवैध बोर्ड और पोस्टर शहर की सौंदर्य छवि को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। नगर परिषद को भी इससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है क्योंकि निर्धारित शुल्क के बिना लगने वाले बैनर राजस्व पर असर डालते हैं।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि राजनीतिक दबाव के चलते इन बैनरों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है, जबकि निजी प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई तेज दिखाई देती है। उनका कहना है कि नगर परिषद को राजनीतिक और निजी दोनों तरह के अवैध होर्डिंग और पोस्टरों के खिलाफ समान रूप से सख्त कदम उठाने चाहिए। समय-समय पर अभियान चलाकर अवैध बोर्ड हटाए जाएं और जिम्मेदारों पर जुर्माना लगाया जाए।
स्थानीय लोगों की राय:
विजय ने बताया कि हवा चलने पर होर्डिंग सड़क पर गिर जाते हैं और हादसे का खतरा बन जाता है। अवैध रूप से लगाए गए बोर्ड हटाए जाने चाहिए ताकि लोगों को सड़क पर चलने में परेशानी न हो।
रोबिन ने कहा कि ये बोर्ड यातायात में बाधा उत्पन्न करते हैं। वाहन चालक बताते हैं कि इन अवैध बोर्डों के कारण सिग्नल, ट्रैफिक साइन और दिशा संकेत कई बार छिप जाते हैं, जिससे दुर्घटना की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।
वर्जन
नगर परिषद के डीएमसी कपिल शर्मा ने बताया कि विभाग की ओर से अभियान चलाया जा रहा है और सभी अवैध होर्डिंग हटाए जाएंगे। उन्होंने कहा, “इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। अधिकारियों को इसे लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं।”