संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में जिला नागरिक अस्पताल में आयोजित छह दिवसीय दिव्यांग चिकित्सा जांच शिविर शनिवार को संपन्न हो गया। शिविर में जिले के विभिन्न खंडों से आए 322 दिव्यांग बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें आवश्यक प्रमाण पत्र व सुविधाएं प्रदान की गईं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी विशेष रूप से पहुंचीं। उन्होंने बच्चों और उनके अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा, “यदि दिव्यांग बच्चों को समान अवसर मिलें, तो वे भी समाज की मुख्यधारा में आकर बुलंदियों को छू सकते हैं।” उन्होंने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चला रही है और उनका स्वयं का दरवाजा भी दिव्यांग बच्चों के लिए हमेशा खुला है।
चिकित्सा जांच के साथ ही मिला बहुउपयोगी सहयोग
शिविर के दौरान दिव्यांग बच्चों को मौके पर ही मेडिकल सर्टिफिकेट के साथ-साथ आलिमको द्वारा सहायक उपकरण, समाज कल्याण विभाग द्वारा बस पास सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं।
जिला शिक्षा अधिकारी रोहतास वर्मा ने जानकारी दी कि इस शिविर का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को एक ही स्थान पर सभी प्रक्रियाओं से जोड़कर उन्हें सुविधाजनक रूप से सभी योजनाओं का लाभ देना था।
जिला सहायक परियोजना संयोजक कुशल कुमार ने बताया कि शिविर की सफलता में स्पेशल एजुकेटर्स की विशेष भूमिका रही। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विभागीय निर्देशानुसार ऐसे शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिससे दिव्यांग बच्चों को लगातार सहायता मिलती रहे।
प्रिंसिपल रवींद्र शर्मा, मनोज पंवार (एपीसी), श्याम लाल आर्य, विनोद आर्य, गुलदीप सिंह, अंकुर सिंगला, राजेश कुमार, मनजोत कौर, इंद्रजीत, कर्मवीर शर्मा, रजनी शर्मा, आशुतोष, राजबीर कौर, ईश्वर, नीतू सिंह, सुमनप्रीत कौर आदि मौजूद रहे।