शहर में 32 हजार परिवार पहचान पत्रों में से अभी तक 12 हजार पहचान पत्र ही सत्यापन हो पाए हैं। सरकार ने 31 अक्तूबर तक का समय सभी पहचान पत्रों को सत्यापन करवाने के लिए दिया है। जिसकी लिए परिषद की ओर से अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। उधर, सीएचसी संचालकों का कहना है कि साइट न चलने के कारण परिवार पहचान पत्र अपडेट करने में परेशानी आ रही है।
सरकार द्वारा परिवार पहचान पत्र बनाने, उसे अपडेट किए जाने के लिए नगर परिषद, नगर पालिकाओं, बीडीपीओ कार्यालयों, शिक्षा विभाग को आदेश दिए गए हैं। कैथल शहर में बनाए गए 32 हजार परिवार पहचान पत्रों में से अभी तक 12 हजार परिवार पहचान पत्र सत्यापन हो पाए हैं। करीब 19 हजार अभी लंबित हैं।
साइट में अभी भी आ रही है परेशानी- कहने को तो बीएलओ सहित कई विभागों के कर्मचारियों की इस काम में ड्यूटी लगाई गई है। लेकिन अधिकतर कार्य सीएचसी संचालक ही कर रहे हैं। सीएचसी संचालक संदीप कुमार ने कहा कि अभी भी बार-बार साइट लॉग आउट हो रही है। एक बार डाटा अपडेट किए जाने के बाद बंद हो जाए तो फिर से डाटा अपडेट करना पड़ता है। इस प्रक्रिया में करीब आधा घंटा लग जाता है। साइट में सुधार की आवश्यकता है।
ईओ नगर परिषद कैथल अशोक कुमार ने कहा कि सरकार के आदेश हैं कि 31 अक्तूबर तक सभी परिवार पहचान पत्रों को सत्यापन किया जाए। इसके लिए नगर परिषद के सभी अधिकारियों, जेई व अन्य कर्मचारियों की वार्ड अनुसार ड्यूटी लगा दी गई है। ताकि समय रहते यह काम पूरा हो। शहर के लोगों से अपील है कि सभी सीएचसी पर जाकर अपना परिवार पहचान पत्र अपडेट करवा लें। ताकि सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभ के लिए वे पात्र बन सके।
शुद्धि करण के लिए चलाया जा रहा है विशेष अभियान- डीसी सुजान सिंह ने बताया कि 31 अक्तूबर तक परिवार पहचान पत्र के शुद्धि करण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत सभी कॉमन सर्विस सेंटर, सरकारी स्कूल तथा बीएलओ के माध्यम से संबंधित बूथों पर इस कार्य को किया जा रहा है। जिन व्यक्तियों ने परिवार पहचान पत्र में शुद्धि करण करवा लिया है, लेकिन अपनी सहमती देते हुए हस्ताक्षर नहीं किए हैं, वे सभी हस्ताक्षर करके अपलोड करें, ताकि संबंधित व्यक्तियों के परिवार पहचान पत्र बनाने की प्रक्रिया पूरी हो सके।
1. शहरी क्षेत्र में परेशानी आने पर नगर परिषद या नगर पालिका, ग्रामीण क्षेत्र में बीडीपीओ कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
2. जिन व्यक्तियों के परिवार पहचान पत्र ठीक हैं तो संबंधित व्यक्ति उसे चेक करके ठीक होने की पुष्टि जरूर दर्ज करवाएं।
3. परिवान पहचान पत्र में शुद्धिकरण करवाने के लिए घर का मुखिया, वोटर आईडी, आधार कार्ड तथा बैंक डिटेल लेकर के आए, बाकि परिवार के सदस्यों के केवल आधार नंबर लाएं।
4. इस विशेष अभियान के तहत जिन लोगों के परिवार पहचान पत्र नही बने हैं, वे सभी परिवार पहचान पत्र बनवाएं, ताकि सरकार द्वारा दी जाने वाली विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके।