गले मिलकर एकदूसरे को दी बकरीद की बधाई
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मंगलवार को बकरीद पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सिरटा रोड दरगाह में भारी संख्या में एकत्रित लोगों ने नमाज अदा की। इस अवसर पर मेले का आयोजन किया गया। जहां से लोगों ने खूब खरीदारी की। इस अवसर पर एक दूसरे को गले लगाकर बधाई दी गई। मोलवी रोशन अली व वजीर अहमद ने जेल में कैदियों को नमाज अदा कर अल्लाह से विनती करवाई की कि जो गुनाह हमने किए हैं उन्हें माफ करें। मोलवी रोशन अली ने कहा कि बकरीद का पर्व सभी मुस्लिम लोगों के लिए खुशी का दिन है। आज के दिन लोगों ने अल्लाह को याद कर सुख-शांति बनाए रखने के लिए नमाज अता की है। इस अवसर पर जेल उपाधीक्षक सुरेंद्र कुमार, सहायक रामकुमार, विपिन कुमार सहित जेल का अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
चीका में धूमधाम से मनाया गया बकरीद का पर्व
गुहला-चीका। चीका में बकरीद का पर्व धूमधाम व हर्षोल्लास से मनाया गया। महिलाओं व बच्चों ने नए कपड़े पहने और आपस में विभिन्न उपहार व मिष्ठान बांटकर खुशी का इजहार किया। कार्यक्रम में हलका भाजपा विधायक कुलवंत बाजीगर ने शिरकत की व समाज के हर वर्ग को आपस में मिलजुलकर रहने का आह्वान किया।
ईद पर्व की एक दूसरे को दी बधाई
सीवन। कुर्बानी का पर्व बकरीद का त्योहार बड़े हर्ष व उल्लास के साथ मनाया गया। नगर की ईदगाह में लोगों ने ईद की नमाज अदा की और विश्व की शांति व समृद्धि के लिए दुआ मांगी। इस अवसर पर कैथल से आए ईमाम साहब ने ईदगाह में पहुंच कर नमाज अदा करने का तरीका बताया व नमाज की रस्म को पूरा करवाया। कहा सभी मुसलमान भाइयों को इस दिन शांति व समृद्धि के लिए दुआ करनी चाहिए। ऐसा काम करना चाहिए जिससे दूसरे को सुख मिले। इस अवसर पर सीवन, मानस, प्रभावत, भूना, उझाना, दयोरा, नौच व कवारतन के मुसलमान भाइयों ने शांति पूर्वक नमाज अता की व एक दूसरे के गले मिल कर उन्हें ईद की बधाई दी।