संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले की नवनियुक्त उपायुक्त आईएएस अपराजिता ने मंगलवार को विधिवत रूप से पदभार संभाल लिया। वे वर्ष 2018 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और उनका तबादला स्वच्छ भारत मिशन के निदेशक पद से कैथल उपायुक्त के रूप में हुआ है।
इस मौके पर पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत किया। एडीसी कम सीईओ जिला परिषद सुरेश राविश, एसडीएम अजय सिंह और डीआईपीआरओ नसीब सिंह सैनी ने कैथल पहुंचने पर उनका स्वागत किया। उन्होंने शिक्षा-स्वास्थ्य व विकास कार्यों को अपने प्राथमिक मुद्दे बताए।
केमिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक करने के बाद उन्होंने इंजीनियर के तौर पर भी काम किया। इसके बाद यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर वे आईएएस बनीं। बनारस की मूल निवासी अपराजिता ने प्रशासनिक सेवा में आते ही प्रथम पोस्टिंग बल्लभगढ़ एसडीएम के रूप में दी।
इससे पहले वे फरीदाबाद में एडीसी, नगर निगम में सहायक आयुक्त, अंबाला में एडीसी तथा पंचकूला में नगर निगम आयुक्त के साथ-साथ एडीसी के
तौर पर भी सेवाएं दे चुकी हैं। स्वच्छ भारत मिशन में एमडी रहते हुए उन्होंने महत्वपूर्ण परियोजनाओं का संचालन किया, जिसके बाद उनका स्थानांतरण कैथल किया गया है।
अधिकारियों को दिए निर्देश, बोलीं- जनहित सर्वोपरि
पदभार संभालने के बाद डीसी अपराजिता ने विकास कार्यों को गति देने के लिए संबंधित विभागों को एक सप्ताह के भीतर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीसी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे मेहनत, ईमानदारी, पारदर्शिता और अनुशासन के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। कार्यालय में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उनका लक्ष्य है- प्रभावी, संवेदनशील और परिणाम आधारित प्रशासन।
प्रीति का यमुनानगर तबादला
एक वर्ष से अधिक समय तक सेवाएं देने के बाद उपायुक्त प्रीति का यमुनानगर तबादला हो गया है। मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर विदाई दी गई।