संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/कलायत। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार सुबह शहर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का भव्य आयोजन किया गया। चौ. छोटू राम इंडोर स्टेडियम से शुरू हुई इस दौड़ में सैकड़ों युवाओं ने हिस्सा लेकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इसी प्रकार कलायत के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजन किया गया।
कैथल में कार्यक्रम के दौरान बतौर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक लीला राम शामिल और भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी व पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर विशिष्ट अतिथि रहे। नगर परिषद अध्यक्ष सुरभि गर्ग भी विशेष रूप से मौजूद रहीं।
अतिथियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने भारत के एकीकरण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर में सरदार पटेल के राष्ट्रीय एकता के संदेश को आगे बढ़ा रहे हैं, वहीं हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में प्रदेशभर में इस पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है।
रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। हजारों युवाओं, विद्यार्थियों और नागरिकों ने भारत माता की जय के उद्घोष के साथ दौड़ लगाई। यह दौड़ छोटू राम चौक, ढांड रोड, सावित्री बाई फुले चौक और लाला चरण दास मार्ग से होती हुई पुनः स्टेडियम में संपन्न हुई।
दौड़ के दौरान युवाओं का उत्साह देखते ही बनता था। राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए वे एकता, सद्भावना और देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहे थे। इस अवसर पर एसपी उपासना, जिला परिषद सीईओ सुरेश राविश, नगर आयुक्त कपिल शर्मा, जीएम रोडवेज कमलजीत, डीएसपी सुशील प्रकाश, डीआईपीआरओ नसीब सिंह सैनी, डीएसओ राज रानी, डीएचओ हीरा लाल, डीईओ सुरेश कुमार, कोच गुरमीत सिंह, प्रवीण प्रजापति, जोगिंद्र, राजेश, प्रशांत, देवेंद्र, सुरेंद्र प्रताप, अनिल, रीटा और स्कूली बच्चे मौजूद रहे।
उधर, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कलायत में हरियाणा दिवस की पूर्व संध्या और सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। एकता की शपथ दिलाने के साथ “हरियाणा को जानो” विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, साथ ही रन फॉर यूनिटी एवं रन फॉर फन कार्यक्रम भी आयोजित हुए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संविधान के कर्तव्यों, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और जन-जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. रामगोपाल शर्मा ने की। कानूनी साक्षरता प्रकोष्ठ और एनएसएस इकाई का इसमें विशेष योगदान रहा, जबकि शहीद भगत सिंह लाइब्रेरी की ओर से आशीष कुमार ने सहभागिता निभाई।प्रश्नोत्तरी का संचालन अर्थशास्त्र के प्रवक्ता विश्व प्रताप सिंह राणा ने किया और कपिल देव शास्त्री व सुरेंद्र कुमार दहिया ने स्कोरर की भूमिका निभाई।
कक्षा 10 की छात्रा कमलजीत ने
कहा कि भारत के प्रथम गृहमंत्री ने देश की 565 रियासतों के विलय में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। राजनीति विज्ञान के प्रवक्ता गुरुनाम सिंह ने कहा कि सरदार पटेल की सूझबूझ और दृढ़ निश्चय से हैदराबाद रियासत का भारत में विलय संभव हो सका।