प्रत्येक विभागाध्यक्ष जन शिकायत पोर्टलों की प्रगति की करें नियमित समीक्षा : डीसी प्रीति
संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। उपायुक्त प्रीति ने निर्देश दिए कि सभी विभागाध्यक्ष जन शिकायतों से संबंधित पोर्टलों की प्रगति की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि दोबारा खोली गईं और लंबित शिकायतों पर विशेष ध्यान देते हुए उनका प्रभावी और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी देखा जाए कि शिकायतों की एंट्री सटीक, स्पष्ट और वास्तविक हो।
डीसी प्रीति शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही थीं। उन्होंने समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी पोर्टल, जनसंवाद पोर्टल तथा राइट टू सर्विस पोर्टल की विस्तृत समीक्षा की।
इससे पहले चंडीगढ़ से वरिष्ठ अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ समाधान शिविरों में लंबित शिकायतों की स्थिति पर चर्चा की।
डीसी प्रीति ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी व जनसंवाद पोर्टल के माध्यम से दर्ज शिकायतों की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जिला स्तर पर नियमित समीक्षा की जा रही है, इसलिए अधिकारियों को चाहिए कि वे हर शिकायत को गंभीरता से लेकर शीघ्र, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
बैठक के दौरान डीसी प्रीति ने सभी अधिकारियों को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर एकता की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर जिप सीईओ सुरेश राविश, डीएमसी कपिल शर्मा, एसडीएम अजय सिंह, डीएसपी सुशील, डीआरओ चंद्रमोहन, डीडीपीओ रितु लाठर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।