हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा के पहले चरण में शनिवार को 5 हजार 214 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। जिसके लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। प्रशासन का दावा है कि नकल रहित परीक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम कर लिए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों की वीडियोग्राफी सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जाम करने के लिए जैमर की भी व्यवस्था का दावा किया गया है।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 14 एवं 15 नवंबर को हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन करवाया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा इन परीक्षाओं को नकल रहित तथा पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए कैथल उपमंडलाधीश मनदीप कौर को नोडल अधिकारी तथा नगराधीश नवीन आहुजा को परीक्षा संयोजक नियुक्त किया गया है। प्रशासन द्वारा16 उड़नदस्ता अधिकारी नियुक्त किए गए हैं तथा नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है।
एडीसी जितेंद्र कुमार ने बताया कि सभी उड़नदस्ता अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को शांति पूर्वक संपन्न करवाने के लिए दी गई हिदायतों का दृढ़ता से पालन सुनिश्चित करें। इन सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षा शुरू होने के उपरांत तथा परीक्षा की समाप्ति तक समय-समय पर नियंत्रण कक्ष में आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाएंगे।
जिला प्रशासन द्वारा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 01746-224240 तथा 224235 हैं। इन परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में पांच या इससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने तथा परीक्षा केेंद्रों के नजदीक स्थित फोटो स्टेट दुकानों को बंद रखने के भी निर्देश जिलाधीश द्वारा जारी किए गए हैं।
आज 5 हजार से अधिक देंगे परीक्षा
जिले में 17182 परीक्षार्थियों के लिए 22 ऑफ लाइन तथा एक परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। 14 नवंबर को होने वाली परीक्षा में 5214 परीक्षार्थियों के लिए 18 ऑफ लाइन तथा एक आनलाइन परीक्षा केंद्र स्थापित किया गया है। इसी प्रकार 15 नवंबर को सुबह की परीक्षा के लिए 6824 परीक्षार्थियों के लिए 22 ऑफ लाइन तथा एक आनलाइन परीक्षा केंद्र स्थापित किया गया है। इसी दिन सायं कालीन परीक्षा के लिए 5144 परीक्षार्थियों के लिए 18 ऑफलाइन एवं एक आनलाइन परीक्षा केंद्र स्थापित किया गया है।
16 अधिकारी रखेंगे नकल पर नजर
जिले में 16 अधिकारियों की विशेष ड्यूटी इस परीक्षा के लिए लगाई गई है। उडनदस्ता अधिकारियों में यूएचबीवीएन के एक्सईएन पीसी सैनी, एक्सईएन नगर परिषद आरएस दहिया, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी केके नैन, हरियाणा राज्य मार्केटिंग बोर्ड के एक्सईएन आशीष गुप्ता, बीडीपीओ नरेंद्र मल्होत्रा, सिंचाई विभाग एक्सईएन हुकम चंद, जन स्वास्थ्य विभाग मंडल 2 के एक्सईएन देवी लाल, उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त वीके बैनिवाल, कृषि उपनिदेशक डा. रोहताश सिंह, सीवन के बीडीपीओ संजय टांक, मार्केट कमेटी कैथल के सचिव संजीव सचदेवा, सिंचाई विभाग पूंडरी डिविजन के एक्सईएन अरविंद कौशिक, लोक निर्माण विभाग डिविजन नंबर 2 के एक्सईएन रामचंद्र, जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन जगदीश चंद्र जांगड़ा, उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त आबकारी रविंद्र सिंह तथा यूएचबीवीएन के एक्सईएन यशबीर सिंह शामिल हैं।