कैथल। जिला मुख्यालय सहित जिले के सभी शहरों में चल रहे होटलों और मैरिज पैलेसों में कचरा निस्तारण की जानकारी आगामी दो दिनों में डीएमसी कार्यालय में देनी होगी। इसके लिए डीएमसी कुलधीर सिंह ने निर्देश जारी किए हैं। डीएमसी कार्यालय में इस संबंध में अधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगर परिषद कैथल, नगर पालिका कलायत, सीवन, पूंडरी, राजौंद व गुहला-चीका के अधिकारियों ने भाग लिया।
डीएमसी ने बताया कि एनजीटी ने कचरा निस्तारण को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। जिले में 46 होटल एवं मैरिज पैलेस हैं। जिन्हें आगामी दो दिनों में यह रिपोर्ट देनी होगी कि वे कचरे का निस्तारण किस तरह कर रहे हैं। इसकी रिपोर्ट बनाकर विभाग मुख्यालय भेजी जाएगी। उन्होंने सभी नगर पालिकाओं और नगर परिषद कैथल के अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसके लिए विभाग से जारी किया गया प्रोफार्मा भरकर सभी मैरिज पैलेस और होटल संचालकों से जानकारी जुटाएं। जहां भी एनजीटी की गाइडलाइंस का उल्लंघन मिलेगा, वहां कार्रवाई की जाएगी। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने बैठक में एनजीटी के निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों का आह्वान किया कि वे अपने क्षेत्र में एनजीटी के नियमों का पालन करवाना सुनिश्चित करें। बैठक में ईओ नगर परिषद कुलदीप मलिक, सचिव नगर पालिका पूंडरी राजेश कुमार, सचिव धर्मवीर सिंह सहित कई अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।