संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आज के दौर में, जब पैसों के आगे रिश्ते और मूल्य अक्सर पीछे छूटते नजर आते हैं, ऐसे समय में कैथल–करनाल रोड पर एक चाय विक्रेता ने ईमानदारी की ऐसी मिसाल पेश की है, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।
यह मामला 30 जनवरी का है। करनाल रोड पर चाय की दुकान लगाने वाले युवक को अपनी दुकान के पास एक बैग मिला, जिसमें करीब एक लाख रुपये थे। बैग देखकर उसने पहले आसपास मौजूद लोगों से उसके मालिक के बारे में पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
इसके बाद चाय विक्रेता ने बैग में मिले कागजात और मोबाइल नंबर के आधार पर असली मालिक से संपर्क किया। फोन पर पता चला कि रुपये मंजला गांव निवासी धर्मपाल के हैं, जो किसी काम से कैथल आया था और जल्दबाजी में रुपये वहीं गिर गए थे।
चाय विक्रेता ने बिना किसी लालच के रुपये सुरक्षित रखे और धर्मपाल को दुकान पर बुलाया। जब वह मौके पर पहुंचा तो चाय वाले ने सभी लोगों के सामने पूरे एक लाख रुपये उसे वापस कर दिए। धर्मपाल ने कहा कि आज के समय में ऐसी ईमानदारी बहुत कम देखने को मिलती है।
धर्मपाल ने चाय विक्रेता रमेश को एक हजार रुपये ईनाम देने की पेशकश की, लेकिन रमेश ने उसे विनम्रता से ठुकरा दिया। उसने कहा कि ईनाम देने की बजाय यह राशि गोशाला में दान कर गायों की सेवा में लगाई जाए।