कैथल। पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के तीसरे सदस्य को गिरफ्तार कर चोरी की दो बाइक बरामद की हैं। आरोपी की पहचान गांव नैना निवासी दिनेश उर्फ सन्नी के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने 27 सितंबर को ढांड से एक बिना नंबर की बाइक पर सवार आरोपी गांव बरसाना निवासी गौरव उर्फ कालिया व जिला जींद के गांव उझाना निवासी विरेंद्र उर्फ बिंटू को काबू करके बाइक चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया था। जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से बरामद हुई बाइक कलायत क्षेत्र से चोरी होनी पाई गई थी। पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ था कि आरोपी दिनेश भी उनके बाइक चोर गिरोह में शामिल है। व्यापक पूछताछ के दौरान आरोपी दिनेश के कब्जे से दो चोरीशुदा बाइक बरामद की हैं, जो आरोपी ने जिला कुरुक्षेत्र से चोरी की हैं। आरोपी दिनेश न्यायालय के आदेशानुसार जेल भेज दिया गया। संवाद
अभद्रता के मामले में आरोपी को धरा
कैथल। किशोरी से छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने आरोपी सज्जन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना कलायत अंतर्गत क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की शिकायत अनुसार एक अक्तूबर को उसकी 16 वर्षीय पोती खेत से पशुओं का चारा लेकर घर वापस आ रही थी तो आरोपी ने उसके साथ अभद्रता की व जबरदस्ती अपने साथ बस में बैठाने की कोशिश करने लगा। उसके पीछे आकर वह उसको जबरदस्ती उसके साथ शादी करने की कहने लगा। शादी न करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। संवाद