संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में गर्मी बढ़ने के साथ ही अब पानी की खपत भी बढ़ने लगी है। ऐसे में अब केवल अकेले कैथल शहर में 30 एमएलडी की बजाय 40 से 45 एमएलडी पानी खपत की हो रही। ऐसे में कई कॉलोनियों में पानी की समस्या हो रही है।
दरअसल, इस समय शहर में केवल एक समय ही पानी की आपूर्ति की जा रही है। वहीं भीषण गर्मी के बीच शहर में पेयजल की मांग भी बढ़ रही है। जन स्वास्थ्य विभाग की तरफ से पेयजल आपूर्ति को करीब 30 प्रतिशत और बढ़ा दिया है, जिससे शहर वासियों को गर्मी के मौसम में पानी की कमी महसूस न हो।
विभाग की तरफ से सामान्य दिनों में शहर में करीब 32 से 33 मिलियन लीटर पानी की आपूर्ति प्रतिदिन दी जाती है, जो अब लोगों की मांग पर पानी की बढ़ती खपत को देखते हुए इसे बढ़ाकर 40 मिलियन लीटर प्रति दिन पानी की आपूर्ति दी जा रही है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में शहरवासियों को पानी की किल्लत न झेलनी पड़े, इसके लिए विभाग हर संभव प्रयास कर रहा है। प्रति व्यक्ति के अनुसार सप्लाई को देखें तो विभाग की ओर से शहर में सामान्य दिनों में 135 लीटर पानी प्रति व्यक्ति दिया जाता है। गर्मी के मौसम में इसे बढ़ाकर 155 लीटर तक किया जाता है, लेकिन इस बार भीषण गर्मी को देखते हुए सप्लाई को जरूरत के अनुसार इससे भी ज्यादा किया जा रहा है। बीते कई दिनों से पेयजल सप्लाई 155 लीटर प्रति व्यक्ति व प्रतिदिन से अधिक तक दी जा रही है।
जन स्वास्थ्य विभाग के प्यौदा व मानस रोड स्थित पेयजल स्टोरेज टैंकों में सिरसा ब्रांच नहर से पानी आता है। इन टैंकों के अनुसार प्रतिदिन की सप्लाई को देखते हुए 24 दिन का पानी स्टोर किया जा सकता है। इसके अलावा विभाग ट्यूबवेलों के जरिये भी शहर में पानी की सप्लाई दे रहा है। गर्मी में 32 दिनों के बाद नहरों में पानी आता है। इस कारण विभाग की तरफ से स्टोरेज किया हुआ पानी भी अब कम ही बचा है।
गर्मी के मौसम में बढ़ी पानी की मांग: गोपाल
जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ गोपाल वेद ने बताया कि गर्मी में पेयजल की सप्लाई सामान्य दिनों की अपेक्षा बढ़ाई गई है। शहर में पानी की कर्मी को लेकर शिकायतें भी विभाग के पास पहुंच रही थी। अब पानी की सप्लाई प्रतिदिन 40 एमएलडी तक दी जा रही है। गर्मी ज्यादा होने के कारण पहले से ज्यादा मांग बढ़ी है। लोगों से भी अपील की जा रही है पानी का प्रयोग अच्छी तरह से करें। पानी की बर्बादी न करें।