संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पूंडरी की छात्राओं ने 10वीं कक्षा में भी 12वीं कक्षा की तरह ही शत प्रतिशत परिणाम हासिल किया है। सम्मान समारोह में प्रधानाचार्य एवं स्टाफ व एसएमसी सदस्यों ने छात्राओं का फूल मालाओं से सम्मानित किया। प्रधानाचार्य धर्म सिंह मोहना ने बताया कि इस वर्ष विद्यालय में 10वीं कक्षा की 83 एवं 12वीं कक्षा की 60 छात्राओं ने बोर्ड की परीक्षा दी थी।
10वीं कक्षा में 14 बच्चे एवं 12वीं में 13 बच्चों ने बोर्ड की मेरिट सूची में अपना स्थान बनाया है। 10वीं कक्षा में विद्यालय में संजना ने प्रथम, यशिका ने दूसरा, उर्वशी व तमन्ना ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इन चारों छात्राओं के 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक आए हैं। 10वीं कक्षा में 83 में से 61 और 12वीं कक्षा में 60 में से 58 लड़कियों ने बोर्ड परीक्षा प्रथम श्रेणी में पास की है। प्रधानाचार्य ने बताया की विद्यालय की 12वीं की काफी छात्राएं दिल्ली यूनिवर्सिटी की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही है और वे उनके प्रवेश के बारे में पूरी तरह से आश्वस्त हैं।
उन्होंने विद्यालय को निरंतर आगे बढ़ाने में योगदान देने के लिए विधायक, नगरपालिका सदस्यों एवं समाज सेवी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एसएमसी प्रधान मीनाक्षी, एसएमसी उपप्रधान महावीर गोलन, ऊषा सैनी, बलजीत सिंह आदि मौजूद रहा।
एवरग्रे हाई स्कूल का परिणाम रहा शानदार
कैथल। एवरग्रे हाई स्कूल में 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम शानदार रहा। परीक्षा में 35 विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 15 ने मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया और 22 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होकर उत्कृष्टता का परिचय दिया।
प्राचार्य रजत सिंगला ने इस असाधारण सफलता पर सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को हृदय से बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय में शिक्षा को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी बराबर महत्व दिया गया है।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विशेष सम्मान समारोह में प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए जाएंगे। संवाद